फर्रुखाबाद:पिछड़ा वर्ग आरक्षण को लेकर आयोग ने अधिकारियों के साथ की बैठक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अगस्त 2026 उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थानीय ग्रामीण निकायों में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व और आरक्षण से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष एवं मा0 न्यायमूर्ति श्री राम औतार सिंह ने की। इस दौरान आयोग के सदस्य श्री ब्रजेश कुमार (सेवानिवृत्त डीजे), श्री संतोष कुमार विश्वकर्मा (सेवानिवृत्त एडीजे), डॉ. अरविन्द कुमार चौरसिया (सेवानिवृत्त आईएएस), श्री एसपी सिंह (सेवानिवृत्त आईएएस) तथा जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती मोनिका यादव उपस्थित रहीं।

बैठक में आयोग के अध्यक्ष ने जनपद के स्थानीय ग्रामीण निकायों में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व, आरक्षण से संबंधित प्रावधानों तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले अभिलेखों एवं सूचनाओं को तथ्यात्मक, स्पष्ट और अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने आयोग के समक्ष जनपद से संबंधित आवश्यक सूचनाएं और अभिलेख प्रस्तुत किए। अध्यक्ष ने कहा कि आयोग का उद्देश्य स्थानीय ग्रामीण निकायों में पिछड़ा वर्ग के हितों और प्रतिनिधित्व से जुड़े विषयों का समुचित अध्ययन कर शासन को आवश्यक सुझाव एवं संस्तुतियां उपलब्ध कराना है।

बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन ग्रामीण स्थानीय निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के प्रतिनिधित्व एवं सामाजिक स्थिति का अध्ययन करने तथा आरक्षण व्यवस्था के संबंध में आवश्यक अनुशंसाएं प्रस्तुत करने के उद्देश्य से किया गया है। आयोग उपलब्ध आंकड़ों और सामाजिक परिस्थितियों का अध्ययन कर ग्रामीण स्थानीय निकायों में ओबीसी आरक्षण की रूपरेखा निर्धारित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment