घुरियामा पंचायत के मुंदीपुर में लगा सहयोग शिविर, 83 में 67 आवेदनों का हुआ निपटारा
गया से उपेन्द्र पथिक की रिपोर्ट
वजीरगंज प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घुरियामा के मुंदीपुर गांव में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह ने की। शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुनने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं एवं प्रशासन से जुड़े मामलों के समाधान का प्रयास किया गया।
सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। शिविर में कुल 83 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 67 आवेदनों का मौके पर ही निपटारा किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभाग के अधिकारियों के पास भेजते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में अंचलाधिकारी प्रकाश कुमार, थाना अध्यक्ष नीरज कुमार, पंचायत के मुखिया प्रकाश चौधरी, सरपंच मदन कुमार, समाजसेवी सतीश सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष महेश सिंह एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य नंदकिशोर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान पूर्व जिला परिषद सदस्य नंदकिशोर प्रसाद ने पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का यथासंभव जल्द से जल्द निपटारा किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
वहीं, अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को प्रशासन और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं सीधे रखने का अवसर मिला।
शिविर में 83 में से 67 आवेदनों के निपटारे से ग्रामीणों में संतोष देखने को मिला। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी पंचायत स्तर पर ऐसे सहयोग शिविर आयोजित करने की मांग की।
गया:वजीरगंज में हुआ सहयोग शिविर
