फर्रुखाबाद:15 अगस्त के चार दिन बाद भी उल्टा लगा तिरंगा, राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का जिम्मेदार कौन?

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शमशाबाद शाखा में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया था। आरोप है कि स्वतंत्रता दिवस बीतने के चार दिन बाद भी बैंक परिसर में तिरंगा उल्टा लगा हुआ दिखाई दे रहा है।

राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और गरिमा को लेकर निर्धारित नियमों के बावजूद बैंक परिसर में इस तरह तिरंगा लगा होना गंभीर लापरवाही का मामला माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक जैसी सार्वजनिक संस्था में राष्ट्रीय ध्वज की स्थिति पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष ध्यान देना चाहिए।

लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि चार दिन तक बैंक परिसर में उल्टा तिरंगा लगा रहा तो इस पर किसी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी की नजर क्यों नहीं पड़ी? आखिर राष्ट्रीय ध्वज के इस कथित अपमान के लिए जिम्मेदार कौन है?

मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि बैंक प्रबंधन इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देता है और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Comment