फर्रुखाबाद में दिनदहाड़े सनसनी: पत्नी-बच्चे के सामने युवक की गोली मारकर हत्या, पंचाल घाट पर ताबड़तोड़ फायरिंग

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जुलाई 2026 जनपद के थाना कादरी गेट क्षेत्र स्थित पंचाल घाट इलाके में रविवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। हरियाणा के फरीदाबाद निवासी 32 वर्षीय अरुण हुड्डा की अज्ञात बदमाशों ने पत्नी और बच्चे के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरुण हुड्डा अपने परिवार के साथ वाराणसी (बनारस) दर्शन कर कार से फरीदाबाद लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गंगा एक्सप्रेसवे से उतरने के बाद वह फर्रुखाबाद के रास्ते आगरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पंचाल घाट स्थित इटावा-बरेली नेशनल हाईवे-730C किनारे उन्होंने कोल्ड ड्रिंक, पानी और चिप्स खरीदने के लिए कार रोकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तभी एक सफेद कार से आए दो बदमाशों ने अरुण पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सिर और कंधे में दो गोलियां लगने से अरुण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय उनकी पत्नी और बच्चा भी वहीं मौजूद थे, जिससे परिवार सदमे में है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कादरी गेट पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पंचाल घाट क्षेत्र में दहशत का माहौल है। परिवार के सामने हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है।

Leave a Comment