फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अप्रैल 2026 कोतवाली कायमगंज पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित एक अभियुक्त को आलाकत्ल सहित गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, मु0अ0सं0 84/26 धारा 85/80(2)/92 बीएनएस व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत नामजद अभियुक्त शिवेन्द्र उर्फ पिन्टू पुत्र लालाराम निवासी अमिलैया मुकेरी, कोतवाली कायमगंज, जनपद फतेहगढ़ को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक टी-शर्ट (आलाकत्ल) भी बरामद की है।
घटना का विवरण:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 अप्रैल 2026 को वादी रामसरन पुत्र रैवारी लाल निवासी ग्राम आजमपुर, थाना मिर्जापुर, जनपद शाहजहांपुर ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि अभियुक्त उसकी पुत्री के साथ शादी के बाद लगातार मारपीट करता था और अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर उसने उसकी पुत्री की हत्या कर दी।
पूछताछ में खुलासा:
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि 30 मार्च 2026 को मोटरसाइकिल की मांग को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। गुस्से में आकर उसने टी-शर्ट से पत्नी का मुंह दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपने कृत्य पर पछतावा जताते हुए माफी भी मांगी।
पुलिस टीम की भूमिका:
इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक ज्ञानप्रकाश पाण्डेय, कांस्टेबल मोहित कुमार एवं कांस्टेबल अंकित पंवार की अहम भूमिका रही।
पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहेज प्रथा को लेकर एक बार फिर चिंता जताई जा रही है।
