गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) आगामी श्रावण मास के दृष्टिगत गोला विधायक माननीय अमन गिरी ने क्षेत्राधिकारी महक शर्मा और थाना प्रभारी अम्बर सिंह के साथ गोला कारीडोर परिक्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने श्रद्धालुओं के प्रवेश निकास मार्ग, यातायात व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंडा-पुजारीयों सहित फूल प्रसाद के व्यापारियों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने सावन माह के दौरान साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
प्रशासन ने श्रावण मास में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक कर सकें।
लखीमपुर खीरी : सावन माह की तैयारियों का गोला विधायक ने किया स्थलीय निरीक्षण
