फर्रुखाबाद:कायमगंज तहसील समाधान दिवस: 189 शिकायतें पहुंचीं, 12 का मौके पर निस्तारण; डीएम बोले- हर फरियादी को मिले समयबद्ध न्याय

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जुलाई 2026 जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को कायमगंज तहसील में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

डीएम ने कहा कि जनसुनवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करने को कहा। साथ ही गंभीर मामलों में मौके पर जाकर जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भूमि संबंधी विवादों के प्रभावी निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

189 शिकायतें, 12 का मौके पर समाधान

तहसील समाधान दिवस में कुल 189 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 65 राजस्व, 46 पुलिस, 21 विकास, 28 विद्युत, 8 आपूर्ति, 5 नगर पालिका/नगर पंचायत तथा 16 अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित फरियादियों को राहत प्रदान की गई।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment