फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जुलाई 2026 आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत संचालित डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम की जानकारी दी।
क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरी तरह पेपरलेस है और भाजपा के आधिकारिक ‘सरल ऐप’ के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नमो ऐप तथा ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रमों के उपयोग के बारे में प्रशिक्षित करना है।
उन्होंने बताया कि संगठन के प्रत्येक गठित बूथ पर यह अभियान चलाया जाएगा तथा प्रत्येक बूथ से कम से कम 10 कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी की ओर से मेधावी श्रेणी सहित डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सरल ऐप डाउनलोड कर अपनी सदस्यता संख्या और मोबाइल नंबर से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद डिजिटल ट्रेनिंग सेक्शन में उपलब्ध वीडियो देखकर क्विज में भाग लेना होगा।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा ने कहा कि डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को तकनीक से जोड़ते हुए पार्टी की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में तकनीकी दक्षता प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए आवश्यक है। सभी मंडल अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों के बूथों पर अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने बताया कि पूरे अभियान की मॉनिटरिंग क्षेत्र एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा की जा रही है तथा जिला आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग अभियान को गति देने का कार्य करेगा।
बैठक में जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, अमरदीप दीक्षित, गोपाल राठौर, जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे, जितेंद्र सिंह, अभिषेक बाथम, जिला मंत्री अभिषेक, वीरेंद्र कठेरिया, श्वेता दुबे, रश्मि दुबे, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, डॉ. धर्मेंद्र राजपूत, मनोज गंगवार, अनुराग सिंह, विकास पांडेय, कुणेंद्र गंगवार, निर्मल कश्यप, पंकज पाल, रामकिशन दीक्षित, अशनील दिवाकर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
