फर्रुखाबाद:कायमगंज सीएचसी का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के दिए सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जुलाई 2026 जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के साथ शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, अभिलेखों के रखरखाव और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, विद्यालयों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनजागरूकता बढ़ाई जाए, ताकि कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।

डीएम ने उच्च जोखिम गर्भवती (एचआरपी) और एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं के उपचार एवं नियमित फॉलोअप की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक एचआरपी गर्भवती की समय पर जांच, आवश्यक उपचार और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही एनीमिया से ग्रसित महिलाओं को समय पर आयरन थेरेपी, आवश्यक दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाए।

प्रसूता वार्ड का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने भर्ती माताओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और दवा उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रसूता को सुरक्षित, सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अस्पताल परिसर, वार्डों और शौचालयों की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए डीएम ने संक्रमण नियंत्रण के सभी मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ अस्पताल ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की आधारशिला है।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की भी जांच की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी रिकॉर्ड अद्यतन, स्पष्ट और त्रुटिरहित रखे जाएं तथा शासन के निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक स्वास्थ्य कार्यक्रम का सही ढंग से संधारण सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Comment