फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जुलाई 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के मार्गदर्शन में जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में शनिवार को व्यापक अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने अपनी टीम के साथ संदिग्ध ग्राम नेकपुर चौरासी में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 18 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा करीब 150 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया तथा संबंधित के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में एक अभियोग दर्ज किया गया।
इसके बाद विभागीय टीम ने विभिन्न लाइसेंसी शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान देशी शराब दुकान लाल दरवाजा, मॉडल शॉप लाल दरवाजा, रेलवे रोड (क), रेलवे रोड (ख) तथा भांग दुकान पलरा रोड की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से बिक्री, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा देशी शराब दुकानों की कैंटीन का भी गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आबकारी विभाग ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान भी किया और स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की बात दोहराई। अधिकारियों के अनुसार जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
