फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जुलाई 2026 जनसामान्य को पारदर्शी और समयबद्ध राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को कायमगंज तहसील का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, न्यायालयों के संचालन, जनसुनवाई व्यवस्था तथा राजस्व अभिलेखों की स्थिति का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने लंबित राजस्व वादों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांतरण, वरासत, सीमांकन और खतौनी संशोधन जैसे मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अभिलेखागार, रिकॉर्ड रूम, नजारत, उप निबंधक कार्यालय सहित अन्य शाखाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने और फरियादियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में मौजूद फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान उप जिलाधिकारी कायमगंज, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित तहसील के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
