फर्रुखाबाद: में भारी बारिश और वज्रपात का खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जुलाई 2026 भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद में आगामी 24 घंटों के दौरान मौसम बेहद सक्रिय रहने वाला है। विभाग ने 20 जुलाई से 21 जुलाई 2026 के बीच कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में तेज बारिश के साथ वज्रपात, जलभराव और यातायात बाधित होने जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। निचले इलाकों में पानी भरने और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।

पूर्वानुमान के अनुसार 21 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक जनपद में मध्यम से भारी वर्षा का दौर जारी रह सकता है। इस अवधि के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि 22 जुलाई से 25 जुलाई के बीच वर्षा की तीव्रता में कमी आएगी और हल्की से मध्यम बारिश के साथ मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो सकता है।

जिला प्रशासन ने आमजन, किसानों और संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी और नालों के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। किसानों को खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और मौसम अनुकूल होने तक कृषि कार्यों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Comment