फर्रुखाबाद में स्वच्छ भारत मिशन को मिलेगी रफ्तार, 452 रिसोर्स रिकवरी सेंटर संचालित, सभी आरआरसी को जल्द किया जाएगा पूरी तरह सक्रिय

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जुलाई 2026 स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत जिले में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। ग्राम पंचायतों में स्थापित रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) के माध्यम से वैज्ञानिक तरीके से कूड़ा प्रबंधन और नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित किया जा रहा है।

जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि जिले की 580 ग्राम पंचायतों में से 9 ग्राम पंचायतों में भूमि उपलब्ध न होने के कारण उन्हें निकटवर्ती ग्राम पंचायतों के आरआरसी से संबद्ध कर संचालन किया जा रहा है। वहीं विकास खंड राजेपुर की ग्राम पंचायत कमालुद्दीनपुर में आरआरसी का निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हो सका है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 570 ग्राम पंचायतों में से 452 आरआरसी पूरी तरह संचालित हैं, जहां नियमित रूप से घर-घर जाकर कूड़ा संग्रहण किया जा रहा है। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के अंतर्गत 545 ग्राम पंचायतों को आरआरसी संचालन सहित अन्य आवश्यक मदों के लिए दो दिन पहले ही क्रेडिट लिमिट जारी कर दी गई है।

भुगतान में देरी के कारण कुछ ग्राम पंचायतों के आरआरसी में झाड़ियों की सफाई और स्वच्छता कार्य प्रभावित हुआ था। इस स्थिति को देखते हुए जिले के सभी विकास खंडों के सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सभी आरआरसी की तत्काल साफ-सफाई कराकर उन्हें पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाएं और नियमित संचालन सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन का कहना है कि जल्द ही जिले के सभी आरआरसी को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किया जाएगा, जिससे स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। साथ ही स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment