फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जुलाई 2026 भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय (एनआरओ) और उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (यूपीएफएसडीए) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को फर्रुखाबाद में वृहद् स्ट्रीट फूड विक्रेता प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत ने किया। इस अवसर पर एफएसएसएआई के संयुक्त निदेशक अंकेश्वर मिश्रा, एफएसएसएआई उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय की प्रबंधक निमांशी, उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त सैय्यद शनावाज़ हैदर आबिदी सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि स्ट्रीट फूड विक्रेता स्थानीय अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उपभोक्ताओं को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए विक्रेताओं को खाद्य स्वच्छता के उच्च मानकों का पालन करना चाहिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने और अच्छे स्वच्छता अभ्यास (Good Hygienic Practices) अपनाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान एफएसएसएआई की फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन (FoSTaC) पहल के तहत स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित प्रबंधन, क्रॉस-कंटैमिनेशन की रोकथाम, साफ-सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन, सुरक्षित भंडारण और स्वच्छ विक्रय वातावरण बनाए रखने जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें अनुसूची-4 के तहत निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की जानकारी भी दी गई।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के लगभग 850 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी प्रतिभागियों को FoSTaC प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि स्वच्छ खाद्य प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए हाइजीन किट भी वितरित की गई।
एफएसएसएआई ने बताया कि देशभर में राज्य खाद्य सुरक्षा विभागों के सहयोग से इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य खाद्य व्यवसाय संचालकों को आधुनिक खाद्य सुरक्षा मानकों से जोड़ना, उपभोक्ताओं का विश्वास मजबूत करना तथा सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण स्ट्रीट फूड को बढ़ावा देना है।
फर्रुखाबाद में आयोजित यह कार्यक्रम खाद्य सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को बेहतर स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों को अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
