फर्रुखाबाद:गंगा के बढ़ते जलस्तर से स्पर के पास हुआ कटान, युद्धस्तर पर शुरू हुआ बचाव कार्य

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जुलाई 2026 गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण दिलीप की मड़ैया से दौली की मड़ैया तक कराए गए बाढ़ सुरक्षा कार्य के बीच स्पर संख्या-10 और स्पर संख्या-11 के मध्य लगभग 10 से 15 मीटर क्षेत्र में स्लोप पर लगाए गए जियो बैग (लंब बैग) खिसकने से हल्का कटान हो गया। विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया।

अधिकारियों के अनुसार गंगा नदी की तेज धारा और घूर्णन (भंवर) के कारण स्लोप पर लगाए गए बैग खिसक गए थे। कटान को रोकने के लिए प्रभावित स्थल पर अतिरिक्त परकोपाइन तथा झाऊ-झाखड़ भरकर लगाए गए हैं, जिससे कटान पर तत्काल नियंत्रण पा लिया गया है। साथ ही क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

विभाग ने बताया कि नदी किनारे स्थित एक मकान के स्वामी ने संभावित खतरे को देखते हुए स्वयं ही मकान को हटाकर उसका निर्माण सामग्री सुरक्षित स्थान पर रख ली है।

अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान समय में कटान पूरी तरह रुका हुआ है। गंगा का जलस्तर कम होने के बाद प्रभावित स्थान पर अतिरिक्त सुरक्षात्मक कार्य कर कटान वाले हिस्से को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाएगा। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Leave a Comment