फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जुलाई 2026 जनपद की अमृतपुर विधानसभा के विधायक सुशील शाक्य ने रविवार को वृक्षारोपण अभियान के तहत पीएम श्री विद्यालय, राजेपुर एवं तहसील अमृतपुर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। प्रत्येक लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, हरित पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हरित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से ही सफल बनाया जा सकता है। इसके लिए सभी लोगों को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विधायक ने सभी से अपील की कि वृक्षारोपण को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि इसे जनआंदोलन बनाकर प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
