फर्रुखाबाद में ‘वृक्षारोपण महाकुंभ-2026’ के तहत एक दिन में 40.93 लाख पौधे रोपे गए, मंत्री असीम अरुण ने किया शुभारंभ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश सरकार के ‘वृक्षारोपण महाकुंभ-2026’ के तहत रविवार को जिले में रिकॉर्ड 40 लाख 93 हजार पौधों का रोपण किया गया। ग्राम दरौंदी और पट्टीपुर (विकासखंड मोहम्मदाबाद) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में किया।

कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर तथा भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पीपल, पाकड़ और बरगद (हरिशंकरी) के पौधे त्रिकोण स्वरूप में लगाकर अभियान का शुभारंभ किया।

पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी : असीम अरुण

मुख्य अतिथि असीम अरुण ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान जन-जन का आंदोलन बन चुका है और पौधारोपण के साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। सरकार प्रत्येक पौधे की सुरक्षा के लिए टी-गार्ड की व्यवस्था कर रही है तथा गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे व्यापक वृक्षारोपण कर उसे भविष्य का ग्रीन एक्सप्रेसवे बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के साथ हरित वातावरण को भी प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

जनप्रतिनिधियों ने दिया संरक्षण का संदेश

सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं और सभी लोगों को पौधे लगाने के साथ उनका अभिभावक की तरह संरक्षण करना चाहिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रत्येक नागरिक को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।

विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने इसे जन आंदोलन बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प दोहराया।

डीएम बोले- पौधे लगाएं, उनकी प्रगति भी देखें

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की भागीदारी इस अभियान को और अधिक प्रेरणादायी बना रही है। उन्होंने लोगों से अपने लगाए पौधों की नियमित देखभाल करने और समय-समय पर उनकी प्रगति देखने का आग्रह किया।

45.74 लाख पौधारोपण का लक्ष्य

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार ने बताया कि वर्ष 2026 में जनपद के 23 विभागों के माध्यम से 3,743 स्थलों पर 45 लाख 74 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) को 4 लाख 81 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि 12 जुलाई को 40 लाख 93 हजार पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, एनसीसी कैडेट, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा गंगा समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment