फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जुलाई 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शनिवार को उनके कैंप कार्यालय में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की जिला संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जघन्य अपराधों से प्रभावित बालिकाओं एवं पीड़ित परिवारों से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला संचालन समिति ने कुल 6 प्रकरणों पर केस-टू-केस आधार पर विचार-विमर्श किया। समीक्षा के बाद 5 मामलों में पॉक्सो (POCSO) अधिनियम से संबंधित पीड़ित बालिकाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने की स्वीकृति दी गई। वहीं 1 मामले में दहेज मृत्यु से संबंधित मृतका के बच्चे को भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत सहायता राशि का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप महिला एवं बाल अपराधों के पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में जिला संचालन समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
