फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जुलाई 2026 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई की। इस दौरान थानों एवं कार्यालयों में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं की जानकारी लेकर उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
एसपी आरती सिंह ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता बनाए रखें तथा प्रत्येक मामले में निर्धारित समय सीमा का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और फरियादियों को संतुष्टिपूर्ण न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की वर्चुअल जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा पुलिस व्यवस्था को और अधिक जनोन्मुखी एवं जवाबदेह बनाना है।
