फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जुलाई 2026 जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से चलाए गए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में पुलिस प्रशासन फतेहगढ़ एवं जिला प्रशासन फर्रुखाबाद के सराहनीय योगदान को राज्य स्तर पर सम्मान मिला है।
10 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में आयोजित विशेष टीकाकरण अभियान के दौरान कुल 1108 बालिकाओं का सफलतापूर्वक एचपीवी टीकाकरण कराया गया। अभियान को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
अभियान की सफलता और बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों को देखते हुए उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने पुलिस प्रशासन फतेहगढ़ एवं जिला प्रशासन फर्रुखाबाद की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर दोनों विभागों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
एचपीवी टीकाकरण अभियान का उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव प्रदान करना है। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बालिकाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और ऐसे जनहितकारी टीकाकरण अभियानों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें।
