फर्रुखाबाद:विकासखंडों की ग्राम सभा बैठकों की जियो टैगिंग फोटो-वीडियो उपलब्ध कराएं, प्लास्टिक प्रबंधन पर जागरूकता बढ़ाएं- डीएम

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जुलाई 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित योजनाओं और कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने ग्राम पंचायतों में नियमित साफ-सफाई, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने विकासखंड स्तर पर आयोजित ग्राम सभाओं की बैठकों की जियो टैगिंग फोटो एवं वीडियो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सामुदायिक शौचालयों को नियमित रूप से खुला रखने, केयरटेकरों का भुगतान समय से करने तथा शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने निर्देशित किया कि विकासखंड स्तर पर गठित ग्राम समितियां ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक प्रबंधन को लेकर लोगों के बीच जागरूकता संदेश प्रसारित करें। वहीं आरआरसी केंद्रों का संतोषजनक संचालन न करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा बढ़पुर के याकूतगंज, मोहम्मदाबाद के सितवनपुर पितू तथा शमशाबाद के रम्पुरा स्थित गौशालाओं में स्थापित बायोगैस प्लांट को 15 दिनों के भीतर पूरी तरह क्रियाशील करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश सिंह ने बैठक में विभागीय प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत 30 जून 2026 तक 34,329 लाभार्थियों को पहली और 30,853 लाभार्थियों को दूसरी किस्त जारी की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए 158 लाभार्थियों को पहली तथा 1,896 लाभार्थियों को दूसरी किस्त का भुगतान किया गया है।

उन्होंने बताया कि जनपद में 570 आरआरसी केंद्रों का निर्माण पूरा हो चुका है। वर्तमान में 452 ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण किया जा रहा है, जिसके माध्यम से ग्राम पंचायतों के ओआरएस खातों में 99.06 लाख रुपये स्वच्छता शुल्क जमा कराया गया है। इसके अलावा कायमगंज के बहबलपुर और राजेपुर के हरसिंहपुर गहलवार में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का निर्माण पूरा हो चुका है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, सभी खंड विकास अधिकारी तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment