फर्रुखाबाद:जलभराव रोकने के लिए प्रशासन सख्त, 20 जून तक सभी नालों की सफाई पूर्ण करने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जून 2026 आगामी वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से निपटने और वर्षा जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने के लिए जनपद के सभी नगर निकायों में नालों की सफाई अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन की निगरानी में अब तक जिले के कुल 102 नालों में से 65 नालों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 37 नालों की सफाई युद्धस्तर पर जारी है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को नालों की समयबद्ध सफाई, नियमित निरीक्षण और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई शत-प्रतिशत पूर्ण करना है।

प्रशासनिक समीक्षा के अनुसार नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद में 16 नालों में से 5 की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष 11 नालों का कार्य 20 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर पालिका परिषद कायमगंज में 15 में से 5 नालों की सफाई पूरी हो चुकी है और शेष कार्य 15 जून तक पूर्ण किया जाएगा।

नगर पंचायत शमशाबाद, संकिसा-बसंतपुर, मोहम्मदाबाद और कम्पिल में सभी नालों की सफाई का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं नगर पंचायत नवाबगंज में 16 में से 12 नालों की सफाई पूरी कर ली गई है। कमालगंज में 7 में से 3 तथा खिमसेपुर में 17 में से 10 नालों की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष नालों की सफाई निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि नालों से निकाले गए सिल्ट, कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट पदार्थों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि दोबारा अवरोध की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही जलभराव संभावित क्षेत्रों की विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सफाई कर्मियों और संसाधनों की व्यवस्था भी की जाए।

प्रशासन का कहना है कि नियमित नाला सफाई से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी, मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण मिलेगा और जलजनित एवं संक्रामक रोगों की आशंका भी कम होगी। जिला प्रशासन लगातार कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि सभी लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जा सकें।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालों और नालियों में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक या अन्य अपशिष्ट न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में स्थानीय निकायों का सहयोग करें। प्रशासन का मानना है कि जनसहयोग से ही जलभराव मुक्त और स्वच्छ शहर का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Leave a Comment