फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 मई 2026 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों, बाजारों एवं अन्य प्रमुख क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं से संवाद स्थापित किया। उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 महिला पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन तथा 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या के समाधान के लिए पुलिस की सहायता लेने का संदेश दिया गया। कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है तथा मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से जन-जागरूकता का यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।
