फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 मई 2026 जनपद में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम पैथान खुर्द के पूर्व प्रधान, पूर्व प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य नवाबगंज, ब्लॉक अध्यक्ष नवाबगंज (तथागत सामाजिक समिति-TSS) प्रभात कुमार शाक्य उर्फ प्रदीप शाक्य की मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों बाइक से फर्रुखाबाद बीएड प्रवेश परीक्षा दिलाने आ रहे थे, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पैथान खुर्द निवासी पूर्व प्रधान प्रभात कुमार शाक्य (50) अपनी 25 वर्षीय पुत्री निशा को बीएड प्रवेश परीक्षा दिलाने के लिए शहर स्थित एनकेपी डिग्री कॉलेज लेकर आ रहे थे। बताया गया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए दोनों रविवार सुबह बाइक से फर्रुखाबाद के लिए निकले थे।
जैसे ही उनकी बाइक कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर स्थित बिजली घर के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्री सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया। 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अमन कुमार ने प्रभात कुमार शाक्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल निशा की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंच गए। पूर्व प्रधान की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी प्रेमलता, दो बेटे और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी पुत्री रश्मि का विवाह हो चुका है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। परीक्षा दिलाने निकले पिता की मौत और बेटी के गंभीर रूप से घायल होने की घटना से ग्रामीणों में भी गहरा दुख व्याप्त है।
