नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 मई 2026 सैनी भवन, मंगोलपुरी, दिल्ली में अखिल भारतीय शाक्य महासभा (कुशवाहा-शाक्य-मौर्य-सैनी) द्वारा भव्य ‘बुद्ध जयंती एवं प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से समाज के गणमान्य लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों एवं प्रतिभावान युवाओं ने भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, समानता और मानवता के संदेश को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी रहे। इस अवसर पर ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज (AISSS) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलबाग सिंह, पूर्व विधायक ममतेश शाक्य, सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष केदार सिंह शाक्य, शिवराज सिंह शाक्य, विक्रम बौद्ध, रामकरन सिंह शाक्य सहित अनेक प्रतिष्ठित सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने समाज की एकता, शिक्षा के प्रसार तथा युवाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं और शिक्षा व सामाजिक जागरूकता के माध्यम से समाज को सशक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से आए समाज के लोगों ने सहभागिता कर सामाजिक एकता और संगठन की मजबूती का संदेश दिया। पूरे आयोजन का वातावरण उत्साह, सम्मान और सामाजिक समरसता से परिपूर्ण रहा।
