हरदोई:गांधी मैदान में राष्ट्रीय चिन्ह के स्वरूप पर धार्मिक मूर्ति स्थापित होने का आरोप, जिलाधिकारी से हटाने की मांग

हरदोई:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 मई 2026 जनपद के गांधी मैदान परिसर में सम्राट अशोक स्तंभ (राष्ट्रीय चिन्ह) के स्वरूप पर एक धार्मिक मूर्ति स्थापित किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिलाधिकारी हरदोई को एक प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने तथा राष्ट्रीय चिन्ह की गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि भारत का राष्ट्रीय चिन्ह सम्राट अशोक के सारनाथ स्थित सिंह स्तंभ से लिया गया है, जो देश की संवैधानिक व्यवस्था, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है। राष्ट्रीय चिन्ह किसी विशेष धर्म, संप्रदाय या धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है। ऐसे में उसके स्वरूप पर किसी धार्मिक मूर्ति की स्थापना राष्ट्रीय प्रतीक की गरिमा को प्रभावित कर सकती है।

प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि इस प्रकार की स्थापना से आम जनमानस में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है तथा यह विषय राष्ट्रीय सम्मान और संवैधानिक मर्यादाओं से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कराई जाए और यदि स्थापित संरचना राष्ट्रीय चिन्ह अथवा सम्राट अशोक स्तंभ के स्वरूप का उपयोग करती पाई जाती है तो उसके ऊपर स्थापित मूर्ति को हटवाया जाए।

इसके साथ ही भविष्य में किसी भी सार्वजनिक स्थल पर राष्ट्रीय चिन्ह के स्वरूप का अनुचित अथवा भ्रामक उपयोग रोकने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई है।

मामला राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान और उनके सही उपयोग से जुड़ा होने के कारण स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Comment