फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अप्रैल 2026 थाना मऊदरवाजा पुलिस ने लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी, पर्स के साथ एक अवैध तमंचा और 315 बोर का जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन के निर्देशन और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई।
घटना का विवरण:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कन्नौज जनपद के समधन निवासी आरिफ हुसैन ने थाना मऊदरवाजा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 मार्च 2026 की रात कंपनी की क्लोजिंग के बाद वह ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। रास्ते में करबला रोड, भोपल नगला के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने उनकी जेब से मोबाइल और करीब 27-28 हजार रुपये निकाल लिए तथा सिर पर ईंट से हमला कर उन्हें घायल कर फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी:
मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अंकित उर्फ करिया निवासी कांशीराम कॉलोनी, हैवतपुर गढ़िया तथा एक बाल अपचारी शामिल है।
पुलिस ने तलाशी के दौरान अंकित के पास से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया, जबकि दोनों आरोपियों के पास से लूट की रकम में से 1600 रुपये और मोबाइल फोन बरामद हुआ।
अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास:
मुख्य आरोपी अंकित उर्फ करिया के खिलाफ लूट और आर्म्स एक्ट के तहत पहले से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, बाल अपचारी पर भी इसी लूट कांड से संबंधित मामला दर्ज है।
बरामदगी का विवरण:
वीवो कंपनी का आसमानी रंग का मोबाइल, पर्स व 1600 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस (315 बोर)
पुलिस टीम की भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना मऊदरवाजा प्रभारी अजब सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम एवं सर्विलांस टीम ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
