फर्रूखाबाद प्रवेश नियंत्रित एक्सप्रेसवे निर्माण को लेकर भूमि क्रय प्रक्रिया पर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में फर्रूखाबाद प्रवेश नियंत्रित एक्सप्रेसवे/लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण हेतु भूमि क्रय प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के अधिकारियों द्वारा उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो एवं लेखपालों को भूमि अधिग्रहण/क्रय से संबंधित नियमों, प्रक्रियाओं और आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान भूमि क्रय में पारदर्शिता, समयबद्ध निस्तारण तथा किसानों के हितों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक्सप्रेसवे परियोजना शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है, इसलिए भूमि क्रय की समस्त कार्रवाई नियमानुसार, निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ संपन्न की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सभी राजस्व अधिकारियों को एक समान जानकारी देकर कार्य में समन्वय और गति लाना रहा।