फर्रुखाबाद में ग्रामीण बस सेवा का शुभारंभ, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने नई बसों को दिखाई हरी झंडी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जुलाई 2026 जनपद फर्रुखाबाद के बस स्टेशन पर बुधवार को उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की ग्रामीण बस सेवा के अंतर्गत नई बसों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुगम परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण बस सेवा के माध्यम से संचालित नई बसें जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों को आपस में जोड़ेंगी, जिससे आम नागरिकों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार परिवहन विभाग के माध्यम से जनता को बेहतर, सुरक्षित और सुलभ यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। नई बसों के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों और आम लोगों को विशेष लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर परिवहन विभाग के एआरएम बबलू राजपूत, पंकज राजपूत सहित विभागीय अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ग्रामीण बस सेवा के शुभारंभ के साथ जनपद में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment