लखीमपुर खीरी : शिव मंदिरों पर एंबुलेंस सहित मेडिकल टीमें रहेंगी तैनात

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) छोटी काशी गोला सहित अन्य शिव मंदिरों में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध सावन मेले व कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सावन मेले की निगरानी व स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु सीएचसी अधीक्षक डॉ. मयंक सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसे लेकर डॉ प्रमोद वर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है और डॉ प्रमोद रावत को सह नोडल अधिकारी बनाया गया है। मेला स्थल पर स्थापित स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों, फार्मासिस्टों तथा अन्य सपोर्टिंग मेडिकल स्टाफ की रोस्टरवार 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। शिविरों में श्रद्धालुओं के इलाज के लिए सभी आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं, ओआरएस पैकेट व आकस्मिक चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चिकित्सीय दल एवं एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था की गई है। जिसमें छोटी काशी गोला ​शिव मंदिर परिसर, रिलायंस पेट्रोल पंप चेक पोस्ट तथा कंजा चेक पोस्ट पर 108 एम्बुलेंस सेवा सावन के प्रत्येक सोमवार सहित प्रमुख तिथियों पर तैनात रहेंगी साथ ही डॉक्टरों, आयुष फार्मासिस्टों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की शिफ्टवार तैनाती रहेगी। वहीं ऐरा पुल, एलआरपी चौराहा, फरधान, लिलौटीनाथ मंदिर, शारदानगर, संसारपुर, बिजुआ, गोमती मोड़ तिराहा, टेड़ेनाथ मंदिर, नकहा तथा खमरिया आदि स्थानों पर रोस्टर के अनुसार 24 घंटे एम्बुलेंस व स्वास्थ्य टीम की ड्यूटी लगाई गई है।

Leave a Comment