राजपाल यादव भतीजी की शादी में धोती पहन झूमकर नाचे, जमानत पर रिहाई के बीच पत्नी संग भी ठुमके

चेक बाउंस मामले में सरेंडर करने के 13 दिन बाद राजपाल यादव को तिहाड़ जेल से अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया गया है। जेल से बाहर आने के बाद एक्टर अपनी भतीजी की शादी में जमकर नाचते नजर आए। इससे पहले उन्होंने परिवार में एक शादी का हवाला देते हुए जमानत की अर्जी दी थी। इसके अलावा, एक्टर ने इंस्टाग्राम पर अपने फैंस और शुभचिंतकों को आर्थिक कठिनाइयों के समय उनका साथ के लिए धन्यवाद दिया।

वायरल वीडियो में राजपाल यादव कुर्ता और धोती पहने अपनी भतीजी की शादी में घर की महिलाओं के साथ नाचते नजर आ रहे हैं। थोड़ी देर बाद, एक्टर अपनी पत्नी को ढूंढते हुए नजर आए और दोनों ने कुछ देर साथ में डांस किया। यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें राजपाल यादव ‘सर से जो सरके’ गाने पर डांस कर रहे हैं और उनकी पत्नी भी साड़ी पहने और सिर पर पल्लू लेकर ठुमके लगा रही हैं।