फर्रुखाबाद में होली पर शांति व्यवस्था कायम रखने हेतु पुलिस का फ्लैग मार्च

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 मार्च 2026 होली के पावन पर्व के अवसर पर जनपद फतेहगढ़ में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से जनपदीय पुलिस बल द्वारा भीड़भाड़ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई। पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।

त्योहार के मद्देनजर बाजारों, मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। गश्त के दौरान पुलिस कर्मियों ने लोगों से संवाद कर शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने या कंट्रोल रूम को दें।

फतेहगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और त्योहार को सकुशल संपन्न कराने हेतु पुलिस बल पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।

Leave a Comment