फर्रुखाबाद में आउटसोर्स कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और सेवा निगम में शामिल करने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 मई 2026 शिक्षा विभाग में आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) फर्रुखाबाद को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला अध्यक्ष नितिन त्रिवेदी के नेतृत्व में दिया गया, जिसमें कर्मचारियों ने न्यूनतम मानदेय बढ़ाने एवं सेवा सुरक्षा की मांग उठाई।

ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने बताया कि वे प्रदेश के विभिन्न राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में वर्षों से आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें वर्तमान में मात्र ₹8315 प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के दौर में इतने कम वेतन में परिवार का पालन-पोषण, बच्चों की शिक्षा, दवा-इलाज और दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करना बेहद कठिन हो गया है।

कर्मचारियों ने मांग की कि शिक्षा विभाग में कार्यरत सभी आउटसोर्स चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को तत्काल “उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सेवा निगम” के अंतर्गत लाया जाए तथा उनका न्यूनतम मानदेय ₹20,000 प्रतिमाह निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही EPF, ESI, सेवा सुरक्षा एवं अन्य सरकारी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों को सेवा निगम के अंतर्गत लाने और सम्मानजनक वेतन देने का आश्वासन दिया गया था। कर्मचारियों ने शिक्षा मंत्री से इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।

इस दौरान कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत प्रदान करेगी।

Leave a Comment