फर्रुखाबाद:नवाबगंज में निकली ऐतिहासिक विशाल धम्म यात्रा, बुद्ध के शांति और भाईचारे के संदेश से गूंजा क्षेत्र

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 मई 2026 अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत नवाबगंज में गुरुवार को विश्वगुरु तथागत भगवान गौतम बुद्ध के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य एवं ऐतिहासिक धम्म यात्रा का आयोजन किया गया। चक्रवर्ती सम्राट अशोक महासभा फर्रुखाबाद के तत्वावधान में आयोजित इस विशाल धम्म यात्रा में क्षेत्रभर से आए उपासक-उपासिकाओं, माताओं, बहनों, युवाओं एवं समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

कार्यक्रम का आयोजन बड़े भाई श्री धर्मपाल बौद्ध जी के नेतृत्व में किया गया, जिसे लोगों ने सामाजिक एकता, भाईचारे और मानवता का प्रेरणादायी संदेश बताया। धम्म यात्रा का उद्देश्य भगवान गौतम बुद्ध के बताए शांति, करुणा, प्रेम, अहिंसा और समानता के मार्ग को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

धम्म यात्रा प्रातः 11 बजे मंझना रोड से प्रारंभ होकर मेन चौराहा, पेट्रोल पंप चौराहा, मेन तिराहा और मुख्य बाजार से गुजरते हुए फर्रुखाबाद रोड स्थित ब्लॉक के पास जनसभा में परिवर्तित हुई। यात्रा के दौरान नगर का वातावरण भगवान बुद्ध के जयकारों और मानव कल्याण के संदेशों से गूंज उठा।

यात्रा में भगवान गौतम बुद्ध, सम्राट अशोक महान, राष्ट्रपिता ज्योतिबा फूले, सावित्रीबाई फुले, डॉ. भीमराव अंबेडकर, पेरियार ई.वी. रामास्वामी और ललाई सिंह यादव की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा में हिस्सा लिया।

आयोजकों ने कहा कि धम्म यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि समाज में भाईचारा, समानता और सद्भाव स्थापित करने का अभियान है। उन्होंने सभी लोगों से भगवान बुद्ध के विचारों को अपने जीवन में अपनाकर एक बेहतर और समतामूलक समाज निर्माण में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समस्त आयोजकों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं दी गईं। धम्म प्रेमियों ने इस आयोजन को नवाबगंज की पहचान बताते हुए इसे ऐतिहासिक और प्रेरणादायी बताया।