फर्रुखाबाद:भीषण गर्मी में राहत: विकास भवन परिसर में शुरू हुआ प्याऊ, आमजन को मिलेगा शुद्ध एवं शीतल पेयजल

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 मई 2026 भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर की पहल पर जनपद में आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज विकास भवन परिसर स्थित मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में प्याऊ की स्थापना की गई।

इस पहल का उद्देश्य विकास भवन में आने वाले नागरिकों, ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचने वाले लोगों तथा कर्मचारियों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि गर्मी के मौसम में किसी को भी पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान आमजन को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के इस मौसम में नागरिकों की सहायता एवं सुविधा के लिए सहयोगात्मक भावना से कार्य करें।

जिला विकास अधिकारी ने बताया कि विकास भवन परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से लोग विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे में प्याऊ की व्यवस्था नागरिकों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध होगी और उन्हें स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान विकास भवन परिसर में संचालित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने जिलाधिकारी की इस जनहितकारी पहल की सराहना की। प्रशासन द्वारा जनपद के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

Leave a Comment