फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 मई 2026 अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास और बेहतर आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने आज तीन संपर्क मार्गों के नव निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। क्षेत्रीय जनता ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे विकास की नई शुरुआत बताया।
विधायक द्वारा जिन सड़कों का शिलान्यास किया गया, उनमें
अलीगढ़–मोहद्दीपुर मार्ग से टीका मढ़ैया होते हुए कड़क्का बांध तक 1100 मीटर संपर्क मार्ग,
नयागांव से बिरसिंहपुर संपर्क मार्ग 1100 मीटर,
करणपुरदत्त मुजहा मार्ग से जटपुरा संपर्क मार्ग 1050 मीटर शामिल हैं।
इस अवसर पर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इन संपर्क मार्गों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं और प्रदेश सरकार गांवों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्रामीणों ने भी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और विधायक का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन मार्गों के निर्माण से वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या दूर होगी और बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
