महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को नगर निकाय चुनावों के परिणामों को राज्य की राजनीति में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया है. मुंबई (BMC) सहित राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के लिए हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नीत ‘महायुति’ गठबंधन की शानदार बढ़त पर जश्न मनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता ने ‘ईमानदारी और विकास’ के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है.
विजय रैली को संबोधित करते हुए फडणवीस ने दावा किया कि महायुति 29 में से 25 महानगरपालिकाओं में सत्ता हासिल करने की ओर अग्रसर है. उन्होंने कहा, “बीजेपी ने विकास का जो एजेंडा जनता के सामने रखा था, उसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है. कई शहरों में हमें ‘रिकॉर्ड तोड़’ जनादेश मिला है, जो दर्शाता है कि लोग खोखले वादों के बजाय पारदर्शी शासन चाहते हैं.”
