बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को जेड सिक्योरिटी की सुरक्षा दी गई है. बिहार सरकार के गृह विभाग की विशेष शाखा की ओर से शनिवार (18 अप्रैल, 2026) को इसकी जानकारी दी गई है.
निशांत कुमार के अलावा बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा को भी जेड सुरक्षा मिलेगी. विजय सिन्हा को पहले जेड प्लस की सुरक्षा थी. यानी अब सुरक्षा घट गई है. कैबिनेट विस्तार के बाद देखना होगा कि विजय सिन्हा को आगे क्या जिम्मेदारी मिलती है. दूसरी ओर जेडीयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार को एस्कॉर्ट के साथ वाई प्लस की सुरक्षा मिली है.सुरक्षा को लेकर जारी पत्र में बताया गया कि है बीते शुक्रवार (17 अप्रैल, 2026) को राज्य सुरक्षा समिति की हुई बैठक में इसको लेकर फैसला लिया गया था. इससे पहले बिहार सरकार ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव की सुरक्षा बढ़ाई थी. राज्य के गृह विभाग की ओर से पत्र जारी करते हुए जानकारी दी गई थी इन दोनों जेडीयू नेताओं को अब जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी.
