बिहार में नीतीश कुमार लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे और उनके हटने के बाद अभी बीजेपी के सम्राट चौधरी सीएम हैं. अब सम्राट चौधरी का कार्यकाल कितना लंबा होगा ये तो आगे पता चलेगा लेकिन एनडीए में शामिल चिराग पासवान की पार्टी के एक दावे से खलबली मच गई है.
शुक्रवार (04 सितंबर, 2026) को पार्टी की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजू तिवारी ने कहा, “हमको पूरा विश्वास है कि हम अपने नेता चिराग पासवान के नेतृत्व में दिन प्रतिदिन आगे आएंगे और आने वाले विधानसभा चुनाव में हम सब कार्यकर्ता संकल्प लेते हैं कि हम अपनी पार्टी की सरकार बनाएंगे… और चिराग पासवान को जो मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प हमलोग पहले से लेकर चल रहे हैं उसको पूरा करेंगे.”
राजू तिवारी के अलावा शुक्रवार को मीडिया के सवालों के जवाब में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने भी बड़ा ऐलान करते हुए कहा, “2029 या 2030 में जो भी चुनाव होना है और बिहार में जब हमारी पार्टी नंबर वन होगी तो स्वाभाविक है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान मुख्यमंत्री होंगे.”
अब देखना होगा कि चिराग की पार्टी के नेताओं की ओर से आए इस बयान पर बीजेपी की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है. एलजेपी रामविलास के नेताओं की ओर से आई इस तरह की प्रतिक्रिया पर एनडीए में सियासत तेज हो सकती है.
