Friday, 20 November 2026 | 2:25 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: लॉरेन्स पब्लिक स्कूल में 1200 छात्र-छात्राओं ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ, नाबालिगों को वाहन देने पर अभिभावकों को जेल की चेतावनी

फर्रुखाबाद के लॉरेन्स पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत 1200 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने नाबालिगों को वाहन चलाने देने पर अभिभावकों को तीन वर्ष तक की जेल और 25 हजार रुपये तक के जुर्माने के प्रावधान की जानकारी दी।
Share:
फर्रुखाबाद: लॉरेन्स पब्लिक स्कूल में 1200 छात्र-छात्राओं ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ, नाबालिगों को वाहन देने पर अभिभावकों को जेल की चेतावनी
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवा पीढ़ी को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को श्यामनगर स्थित लॉरेन्स पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में संचालित सड़क सुरक्षा पखवाड़े (16 से 30 नवंबर 2026) के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 1200 छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
727697
कार्यक्रम में एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों की अनदेखी और वाहन चालकों की लापरवाही सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
यातायात निरीक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करना चाहिए। नशे की हालत में वाहन चलाना, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना और यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग करना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने की बात कही।
सड़क दुर्घटनाओं में आई 3.03 प्रतिशत की कमी
727705
एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने जनपद में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2026 में अक्टूबर माह तक फर्रुखाबाद में कुल 383 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 222 लोगों की मृत्यु हुई। वहीं वर्ष 2025 की समान अवधि में 395 दुर्घटनाओं में 226 लोगों की जान गई थी।
इस प्रकार पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में 3.03 प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 1.76 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में 148 लोगों की मौत
दोपहिया वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए एआरटीओ ने बताया कि वर्ष 2026 में अक्टूबर तक हुई 383 सड़क दुर्घटनाओं में से 252 दुर्घटनाओं में कम से कम एक दोपहिया वाहन शामिल था। इन हादसों में दोपहिया वाहन सवार 148 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि 208 लोग घायल हुए।
उन्होंने बताया कि कुल सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी 65.80 प्रतिशत तथा कुल मृतकों में दोपहिया वाहन सवारों की हिस्सेदारी 66.67 प्रतिशत रही। इसके अलावा 47 ऐसी दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें दोनों वाहन दोपहिया थे। इन हादसों में 38 लोगों की मौत हुई और 44 लोग घायल हुए।
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
नाबालिगों को वाहन दिया तो अभिभावकों पर भी होगी कार्रवाई।
727709
कार्यक्रम में एआरटीओ प्रवर्तन ने मोटर वाहन संशोधन अधिनियम, 2019 की धारा 199क के प्रावधानों की जानकारी देते हुए अभिभावकों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई नाबालिग बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो संबंधित किशोर के साथ उसके संरक्षक अथवा वाहन स्वामी के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
ऐसे मामलों में दोषी संरक्षक अथवा वाहन स्वामी को तीन वर्ष तक के कारावास और 25 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त संबंधित वाहन का पंजीयन एक वर्ष के लिए निरस्त किया जा सकता है तथा नाबालिग को 25 वर्ष की आयु पूरी होने तक ड्राइविंग लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाएं।
विद्यार्थियों को वितरित किए जागरूकता पम्पलेट
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से संबंधित पम्पलेट और जागरूकता साहित्य वितरित किया गया। विद्यार्थियों से स्वयं सुरक्षित रहने, यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत, यातायात निरीक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय, लॉरेन्स पब्लिक स्कूल के निदेशक अभिनव कनौजिया, प्रधानाचार्य एस.पी. सिंह, उप प्रधानाचार्य तारकेश्वर सिंह, शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ तथा स्कूल बसों के चालक मौजूद रहे।