Friday, 20 November 2026 | 2:29 AM
उत्तर प्रदेश

प्रदेश में 37वीं रैंक से संतुष्ट नहीं डीएम, कासगंज को टॉप-10 में लाने का लक्ष्य; निर्माण कार्यों में देरी पर सख्त निर्देश

Share:
प्रदेश में 37वीं रैंक से संतुष्ट नहीं डीएम, कासगंज को टॉप-10 में लाने का लक्ष्य; निर्माण कार्यों में देरी पर सख्त निर्देश
प्रदेश में 37वीं रैंक से संतुष्ट नहीं डीएम, कासगंज को टॉप-10 में लाने का लक्ष्य; निर्माण कार्यों में देरी पर सख्त निर्देश

लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी, दिसंबर तक आश्रम पद्धति विद्यालय का निर्माण पूरा कराने के निर्देश

कासगंज, 19 नवंबर। जनपद के विकास कार्यों की रफ्तार और निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को दो टूक निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने जनपद की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग 37वें स्थान से सुधारकर टॉप-10 में पहुंचाने का लक्ष्य भी अधिकारियों के सामने रखा।

बैठक में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से अक्टूबर 2026 तक के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सामने आया कि विकास कार्यों में कासगंज को प्रदेश में 37वीं रैंक मिली है। कुल 80 कार्यक्रमों में से 64 को ए श्रेणी, सात को बी, पांच को सी और चार कार्यक्रमों को डी श्रेणी प्राप्त हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने कमजोर प्रदर्शन वाले विभागों को विशेष रूप से सुधार करने के निर्देश दिए।

निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंताओं और परियोजना प्रबंधकों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। समयसीमा का पालन न करने और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

मिनी स्टेडियम से अग्निशमन केंद्र तक निर्माण पर नजर

पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज टिम्बरपुर में मिनी स्टेडियम के निर्माण की समीक्षा के दौरान अवशेष धनराशि जारी कराने के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। वहीं 17.57 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अग्निशमन केंद्र कासगंज के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निर्माण तेजी से पूरा कराने को कहा।

23.84 करोड़ रुपये की लागत से यूपी सिडको द्वारा बनाए जा रहे मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बड़ागांव के निर्माण में भी तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय याकूतगंज-सागर का निर्माण दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा कराने को कहा।

पूरी परियोजनाएं विभागों को सौंपने के निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, उन्हें बिना देरी संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए, ताकि उनका उपयोग शुरू हो सके। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

डीएम ने स्पष्ट किया कि केवल कागजों पर प्रगति दिखाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि धरातल पर विकास कार्यों का प्रभाव दिखाई देना चाहिए। जनपद को प्रदेश के शीर्ष दस जिलों में शामिल कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।