Friday, 20 November 2026 | 2:29 AM
भारत

गया: शेरघाटी में अवैध बालू उठाव पर पुलिसिया सख्ती

Share:
गया:  शेरघाटी में अवैध बालू उठाव पर पुलिसिया सख्ती
: मोरहर नदी के शहरी क्षेत्र से अवैध रूप से बालू का खनन कर गृह निर्माण कार्यों में इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ स्थानीय पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। अवैध बालू खनन और उसकी ढुलाई पर रोक लगाने के लिए गुरुवार को पुलिस ने विभिन्न मोहल्लों में खदेड़ो अभियान चलाया। इस दौरान सिर पर बोरी और टोकरी के माध्यम से बालू की ढुलाई करने वालों को खदेड़ा गया।
थथानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मोरहर नदी से अवैध रूप से बालू निकालकर शहर के विभिन्न इलाकों में गृह निर्माण कार्यों के लिए पहुंचाया जा रहा है। इस पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने अभियान शुरू किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल बालू की ढुलाई करने वालों पर ही नहीं, बल्कि अवैध रूप से निकाले गए बालू का इस्तेमाल कर मकान बनवाने वाले गृह निर्माताओं पर भी कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि ऐसे गृह निर्माण कार्यों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां अवैध बालू का उपयोग किया जा रहा है। संबंधित गृह मालिकों को खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए नोटिस भेजा जाएगा। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य अवैध खनन पर रोक लगाने के साथ बालू के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर शिकंजा कसना है।
गुरुवार को पुलिस ने लिपगंज चट्टी, बसंत बाग, नगर परिषद कार्यालय के पीछे और पलकीया सहित कई स्थानों पर खदेड़ो अभियान चलाया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू की ढुलाई और इस्तेमाल करने वालों में हड़कंप मचा है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।