Friday, 20 November 2026 | 2:29 AM
भारत

गया और बोधगया जल्दी ही स्वच्छ और सुंदर बनेगा–जिलाधिकारी

Share:
गया और बोधगया जल्दी ही स्वच्छ और सुंदर बनेगा–जिलाधिकारी

     गया, 19 नवंबर। गया एवं बोधगया शहरी क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित, अतिक्रमणमुक्त एवं पर्यावरण के अनुकूल विकसित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में संबंधित पदाधिकारियों, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों तथा कॉफी विद डीएम कार्यक्रम के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
         बैठक में गया एवं बोधगया क्षेत्र में बेहतर साफ-सफाई, सड़कों के किनारे ग्रीन एरिया विकसित करने, आवारा पशुओं का सुरक्षित प्रबंधन, सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों का नियमित रखरखाव, कचरा प्रबंधन एवं डंपिंग पॉइंट की सफाई, आम रास्तों को अतिक्रमणमुक्त करने, शहर की सुंदरता बनाए रखने तथा अन्य जनकल्याणकारी एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
        जिला पदाधिकारी ने कहा कि गया एवं बोधगया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक आते हैं। ऐसे में दोनों शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं हरित स्वरूप प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग एवं नगर निकाय आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।

  आवारा पशुओं को सड़क से हटाने के लिए सात दिनों में हॉटस्पॉट चिह्नित कर कार्रवाई करें
      शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं के विचरण की समस्या की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त, गया नगर निगम को निर्देश दिया कि गया शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड एवं अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार आवारा पशुओं के विचरण से आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इससे सड़क दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर आवारा पशुओं को पकड़ने एवं सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
      उन्होंने निर्देश दिया कि गया एवं बोधगया क्षेत्र में सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित सभी खटालों का निरीक्षण कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पशुपालक का पशु सड़क पर विचरण नहीं करे। यदि किसी पशु मालिक का पशु सड़क पर पाया जाता है तो संबंधित पशु मालिक से नियमानुसार जुर्माना वसूल किया जाए।
      जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिन पशुपालकों के पास अपने पशुओं को रखने की समुचित व्यवस्था नहीं है और वे लगातार अपने पशुओं को सड़क पर छोड़ देते हैं, ऐसे पशुओं को मानपुर गौरक्षणी अथवा सुधा डेयरी से जुड़ी समितियों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
     उन्होंने निर्देश दिया कि अगले सात दिनों के अंदर गया एवं बोधगया के सभी ऐसे हॉटस्पॉट चिह्नित किए जाएं, जहां लगातार आवारा पशु सड़क पर दिखाई देते हैं अथवा सड़क किनारे अवैध रूप से खटाल संचालित हो रहे हैं। संबंधित पशुपालकों एवं खटाल संचालकों को नोटिस निर्गत करते हुए नियमानुसार जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जाए।
       जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से एयरपोर्ट के समीप, जेल रोड, पुलिस लाइन रोड, गांधी मैदान रोड, बंगला स्थान के समीप, मंगला गौरी के समीप, गया क्लब के समीप, गया- सुधा डेहरी मार्ग, मिर्जा गालिब कॉलेज के समीप तथा क्रेन स्कूल के समीप आवारा पशुओं के लगातार विचरण पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि इन सभी हॉटस्पॉट से अगले सात दिनों के अंदर आवारा पशुओं को हटाना सुनिश्चित करें।
        साथ ही गया नगर निगम एवं नगर परिषद बोधगया के स्तर से प्रत्येक हॉटस्पॉट के लिए एक-एक पदाधिकारी नामित किया जाए। संबंधित पदाधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र में यह सुनिश्चित करेंगे कि कहीं भी आवारा पशु सड़कों पर विचरण नहीं करें। इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी।

     आवारा कुत्तों की समस्या की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त, गया नगर निगम एवं कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बोधगया को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
     उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बोधगया को निर्देश दिया कि पूर्व से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कार्यरत संस्था के साथ नगर आयुक्त, गया नगर निगम समन्वय स्थापित करें, ताकि संबंधित संस्था के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न सड़कों एवं चौराहों से आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई कराई जा सके। इसके लिए संस्था को प्रति कुत्ता 1,000 रुपये की दर से गया नगर निगम द्वारा भुगतान किया जाएगा।

सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करें
    गया एवं बोधगया क्षेत्र में स्थापित सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि शहर में आम नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए बनाए गए सभी सार्वजनिक शौचालयों का नियमित साफ-सफाई एवं समुचित रखरखाव अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता इन सुविधाओं का बेहतर उपयोग कर सके।
     उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक सार्वजनिक शौचालय में नियमित सफाई, पर्याप्त पानी, समुचित रोशनी एवं हैंडवॉश की व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे। सभी शौचालयों के बाहर पर्याप्त संख्या में स्पष्ट साइनेज लगाए जाएं, जिससे आम नागरिक एवं पर्यटक आसानी से शौचालय तक पहुंच सकें।
        जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक सार्वजनिक शौचालय के बाहर क्यूआर कोड लगाने का निर्देश दिया, ताकि शौचालय का उपयोग करने वाले नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर उसकी साफ-सफाई एवं रखरखाव के संबंध में अपना फीडबैक दे सकें। प्राप्त फीडबैक के आधार पर संबंधित पदाधिकारी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
      उन्होंने कहा कि गया एवं बोधगया के सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई एवं रखरखाव की गुणवत्ता का प्रत्येक माह अलग-अलग एजेंसियों एवं संस्थाओं के माध्यम से सर्वे कराया जाएगा। सर्वे करने वाली एजेंसी एवं संस्था का चयन जिला पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा। इसके माध्यम से शौचालयों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
          उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि जिस प्रकार गूगल मैप के माध्यम से पेट्रोल पंप एवं अन्य आवश्यक स्थानों की जानकारी प्राप्त होती है, उसी प्रकार गया एवं बोधगया क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालयों की लोकेशन भी गूगल मैप पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि आम नागरिक एवं बाहर से आने वाले पर्यटक आसानी से नजदीकी सार्वजनिक शौचालय का पता लगा सकें।

कचरा प्रबंधन एवं डंपिंग पॉइंट की समस्या का प्रभावी समाधान करें
   शहर में कचरा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि आम जनता द्वारा जिन स्थानों पर नियमित रूप से कचरा फेंका जाता है, उन स्थानों को चिह्नित कर वहां पर्याप्त संख्या में बड़े डस्टबिन रखवाए जाएं, ताकि लोग इधर-उधर कचरा फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि मुख्य सड़कों के किनारे संचालित सभी कचरा डंपिंग पॉइंट को तत्काल हटाया जाए। सड़क किनारे कचरा जमा रहने से शहर की सुंदरता प्रभावित होती है तथा आम नागरिकों एवं पर्यटकों के बीच शहर की नकारात्मक छवि बनती है। किसी भी परिस्थिति में मुख्य सड़कों पर कचरा डंप नहीं होना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान या सड़क पर कचरा फेंकते हुए पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति से नियमानुसार जुर्माना वसूल किया जाए।
      जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त एवं कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बोधगया को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित होटल, मॉल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट एवं अन्य बड़े प्रतिष्ठानों में कचरा प्रबंधन की नियमित जांच कराएं। सभी प्रतिष्ठानों में गीला एवं सूखा कचरा सहित निर्धारित चार श्रेणियों के अनुसार कचरे को अलग-अलग रखने के लिए चार प्रकार के डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
     उन्होंने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों द्वारा कचरा प्रबंधन के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बड़े प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना आवश्यक है।

स्वच्छता संबंधी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन एवं मोबाइल ऐप की सुविधा
   जिला पदाधिकारी ने बताया कि स्वच्छ गया अभियान के तहत नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा आम नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर एवं मोबाइल ऐप संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से कोई भी नागरिक अपने क्षेत्र में साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन अथवा कहीं गंदगी रहने की शिकायत सीधे दर्ज करा सकता है।
      उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए व्हाट्सएप नंबर 8409461488 उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त गूगल प्ले स्टोर से 'स्वच्छ गया' मोबाइल ऐप डाउनलोड कर भी शिकायत की जा सकती है। संबंधित नगर निगम एवं नगर निकाय द्वारा शिकायत प्राप्त होने के चार घंटे के अंदर संबंधित स्थल पर साफ-सफाई एवं कचरा हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
      जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा कहीं भी गंदगी या कचरा जमा होने पर निर्धारित हेल्पलाइन नंबर एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से सूचना दें।

गया एवं बोधगया को अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए चलेगा अभियान
    गया एवं बोधगया शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त एवं कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बोधगया को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण वाले स्थलों को चिह्नित कर क्षेत्रवार पदाधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करें तथा चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं आम रास्तों पर अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों एवं पर्यटकों को आवागमन में कठिनाई नहीं होनी चाहिए। सभी सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए।
       जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर खुले में मांस एवं मछली की बिक्री किसी भी परिस्थिति में नहीं होनी चाहिए। इस संबंध में संबंधित पदाधिकारी लगातार निगरानी रखें।
      उन्होंने जिला पशुपालन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि शहर में संचालित सभी मांस एवं मछली की दुकानों का निरीक्षण करें तथा यह जांच करें कि दुकानों में स्वच्छ एवं स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप मांस की बिक्री हो रही है या नहीं। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
  
   सरकारी दीवारों, बिजली के पोल एवं पुलों पर पोस्टर-बैनर लगाने वालों पर होगी कार्रवाई
     शहर की सुंदरता एवं सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों द्वारा सरकारी दीवारों पर पोस्टर चिपकाए जाते हैं तथा बिजली के पोल, सड़क किनारे, ओवरब्रिज एवं पुलों पर अनधिकृत रूप से बैनर एवं पोस्टर लगाए जाते हैं। इससे शहर की सुंदरता प्रभावित होती है।
      उन्होंने नगर आयुक्त एवं कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बोधगया को निर्देश दिया कि ऐसे सभी अनधिकृत पोस्टर एवं बैनर हटवाएं तथा संबंधित संस्थानों एवं संगठनों को नोटिस निर्गत कर नियमानुसार कार्रवाई करें। भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए नियमित निगरानी की जाए।

गया एवं बोधगया की प्रमुख सड़कों के किनारे विकसित होगा ग्रीन एरिया
शहर को पर्यावरण के अनुकूल एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने गया एवं बोधगया की प्रमुख सड़कों एवं प्रमुख चौराहों को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया।
      उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन एवं एयरपोर्ट के माध्यम से गया आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को शहर में प्रवेश करते ही स्वच्छता, हरियाली एवं बेहतर शहरी व्यवस्था का अनुभव होना चाहिए। इसके लिए मुख्य सड़कों के किनारे उपलब्ध खाली स्थानों एवं उपयुक्त स्थलों को चिह्नित कर वहां पौधारोपण, हरित पट्टी एवं आकर्षक ग्रीन एरिया विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए।
      उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इस दिशा में ठोस पहल करते हुए गया एवं बोधगया को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित शहर के रूप में विकसित करने के लिए समन्वित प्रयास करें।
       जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए धरातल पर सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित करें।
           बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स के सम्मानित प्रतिनिधि, कॉफी विद डीएम कार्यक्रम के प्रतिभागी छात्र-छात्राएं, नगर आयुक्त, सहायक समाहर्ता, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बोधगया, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित नगर निगम एवं नगर परिषद बोधगया के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।