Friday, 20 November 2026 | 2:25 AM
भारत

गया: मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए चार दिन चलेगा विशेष अभियान

Share:
गया: मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए चार दिन चलेगा विशेष अभियान
–21-22 नवंबर और 5-6 दिसंबर को सभी बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, नए और युवा मतदाताओं पर रहेगा विशेष जोर

 मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और किसी भी पात्र नागरिक को मताधिकार से वंचित नहीं रहने देने के उद्देश्य से निर्वाचन विभाग की ओर से चार दिनों का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। अभियान में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले लोगों का नाम सूची में जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।

इसको लेकर गुरुवार को शेरघाटी अनुमंडल कार्यालय के सभागार में एसडीओ जतिन कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में अवर निर्वाचन पदाधिकारी रंजय कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित चार दिनों में बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और आवश्यक सुधार के लिए आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि नए मतदाताओं का नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6 भरना होगा। वहीं, मृत अथवा दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं का नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 तथा नाम-पता में सुधार और निवास स्थान बदलने की स्थिति में प्रपत्र-8 भरकर जमा किया जा सकता है।

एसडीओ जतिन कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों को जागरूक कर उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाना सुनिश्चित करें, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हर योग्य नागरिक की भागीदारी हो सके।