फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) भारत की जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए जनपद में स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों द्वारा भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर ने स्वयं स्वगणना करते हुए अपनी एवं अपने परिवार की आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज की। उन्होंने जनपदवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इस अवसर पर विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर ने कहा कि जनगणना राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश, प्रदेश और जनपद के विकास की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, पेयजल, विद्युत, रोजगार सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संसाधनों के बेहतर नियोजन में जनगणना के आंकड़े उपयोगी साबित होते हैं।

उन्होंने कहा कि स्वगणना की सुविधा नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने का सरल और सुविधाजनक अवसर प्रदान करती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को निर्धारित समयावधि में इस सुविधा का लाभ उठाकर अपनी स्वगणना अवश्य करनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास की योजनाओं को मजबूत आधार प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सही जानकारी उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, शिक्षकों, व्यापारियों और समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वगणना के प्रति जागरूकता फैलाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ें।
जिला प्रशासन चला रहा जागरूकता अभियान
जिला प्रशासन द्वारा भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं स्वगणना करें तथा अपने परिवार, पड़ोसियों और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि जनगणना-2027 को सफल और जनभागीदारीपूर्ण बनाया जा सके।