फर्रुखाबाद:मोहम्मदाबाद में नारी सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान, हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जनवरी 2026 नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य को लेकर कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत पुलिस टीम ने महिलाओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।

पुलिस कर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आपात स्थिति में सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 1098, 181, 112, 1090 एवं 1076 की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, छेड़छाड़ एवं अन्य महिला सम्बन्धी अपराधों के बारे में बताते हुए ऐसे मामलों में बिना भय के तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने एवं किसी भी प्रकार की परेशानी में कानून का सहारा लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने आश्वस्त किया कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस हर समय सहायता के लिए तत्पर है। इस पहल की स्थानीय महिलाओं ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।