फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 मई 2026 जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा ओवरलोड, डग्गामार एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
प्रशासन की ओर से 19 मई से 31 मई 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत ओवरलोड और अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान दो ओवरलोड ट्रकों को सीज कर उन पर कुल 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा दो डग्गामार बसों को भी सीज किया गया। इन बसों पर 23 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के साथ-साथ 1.40 लाख रुपये का टैक्स भी आरोपित किया गया है।
सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ते दोपहिया वाहन हादसों को देखते हुए बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई गई। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के आरोप में 74 चालान किए गए और कुल 1.22 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अप्रैल माह तक जनपद में हुई 167 सड़क दुर्घटनाओं में से 108 दुर्घटनाओं में कम से कम एक दोपहिया वाहन शामिल रहा। इन हादसों में 62 दोपहिया सवारों की मौत हुई जबकि 98 लोग घायल हुए हैं।
आंकड़ों के मुताबिक कुल सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी 64.67 प्रतिशत और मृतकों में दोपहिया सवारों की संख्या 57.40 प्रतिशत रही, जिसे प्रशासन ने गंभीर चिंता का विषय बताया है। वहीं 20 दुर्घटनाएं ऐसी भी रहीं जिनमें दोनों वाहन दोपहिया थे। इन हादसों में 13 लोगों की मौत और 22 लोग घायल हुए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी इसी प्रकार कठोर प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
