फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 मई 2026 डॉ.अंकुर लाठर के निर्देशन में जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार देर रात थाना मेरापुर क्षेत्र के ग्राम अर्जुनपुर में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया।
खनन अधिकारी ने थाना मेरापुर पुलिस बल के साथ 21-22 मई की मध्य रात्रि को कार्रवाई करते हुए मिट्टी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर उसकी गहन जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि वाहन पर किसानों के निजी उपयोग के लिए किए गए पंजीकरण की शर्तों का उल्लंघन किया जा रहा था।
प्रशासन ने संबंधित ट्रैक्टर-ट्रॉली को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए थाना मेरापुर की अभिरक्षा में दे दिया है। प्रशासन का कहना है कि जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और संयुक्त प्रवर्तन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या खनिजों के अवैध एवं ओवरलोड परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन या संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
