लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज) जनपद लखीमपुर खीरी में स्थित दुधवा नेशनल पार्क पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पर्यटक बड़ी संख्या में दुधवा के घने जंगलों का रुख कर रहे हैं। यहां की हरियाली, ठंडी हवा, जंगल सफारी और दुर्लभ वन्यजीव पर्यटकों को प्रकृति के बेहद करीब ले जाते हैं। गर्मी के मौसम में जहां शहरों का तापमान लोगों को परेशान कर देता है वहीं दुधवा नेशनल पार्क का प्राकृतिक वातावरण लोगों को सुकून और रोमांच दोनों का अनुभव कराता है। नेपाल सीमा से सटे तराई क्षेत्र में फैला दुधवा नेशनल पार्क देश के प्रमुख राष्ट्रीय उद्यानों में गिना जाता है। यह पार्क जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण और प्राकृतिक सुंदरता के लिए विश्वभर में अपनी अलग पहचान रखता है। गर्मियों के मौसम में यहां आने वाले पर्यटक जंगल सफारी का आनंद लेते हुए बाघ, हिरण, हाथी, गैंडा, बारहसिंगा समेत कई दुर्लभ जीवों को बेहद करीब से दीदार करते हैं। यूपी सहित देश-विदेश से सैलानी वन्यजीवों का दीदार करने के लिए दुधवा नेशनल पार्क पहुंच रहे हैं। दुधवा नेशनल पार्क बाघों की चहलकदमी करने के लिए जाना जाता है। गर्मी का मौसम वन्यजीवों को देखने के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि तेज गर्मी में जानवर पानी की तलाश में जलाशयों और खुले क्षेत्रों में अधिक दिखाई देते हैं,ऐसे में सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघ, हिरण, जंगली हाथी, नीलगाय, बारहसिंगा और अन्य वन्यजीवों को दीदार करने को मिलता है। वन विभाग द्वारा पर्यटकों के लिए जिप्सी के माध्यम से जंगल सफारी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिसमें पर्यटक जंगल के अंदर जाकर प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों को बेहद करीब से देख सकते हैं। सफारी के दौरान कई बार पर्यटकों को बाघ सड़क पार करते हुए दिखाई देते हैं, जिससे पर्यटकों में रोमांच और बढ़ जाता है। इसके अलावा हाथियों के झुंड, चीतल, सांभर, जंगली सूअर और रंग-बिरंगे पक्षी और जंगल की खूबसूरती पर्यटकों को यहां आने पर विवश करती है।
दुधवा नेशनल पार्क केवल वन्यजीवों के लिए ही नहीं बल्कि पक्षियों के लिए भी बेहद खास माना जाता है। अगर आप भी दुधवा के जंगलों में वन्यजीवों का दीदार करना चाहते हैं तो आप 15 जून तक आ सकते हैं क्योंकि उसके बाद दुधवा नेशनल पार्क सैलानियों के लिए बंद कर दिया जाता है।
लखीमपुर खीरी : दुधवा नेशनल पार्क पर्यटकों के लिए बना हुआ है आकर्षण का केंद्र
