कासगंज: मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पोषण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों का समयबद्ध चिन्हीकरण कर 100 प्रतिशत पुष्टाहार वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एफआरएस के माध्यम से शत-प्रतिशत वितरण किया जाए तथा निर्धारित व्यवस्था का पालन न करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र निर्धारित समय पर नियमित रूप से खुलने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि वह किसी भी समय आकस्मिक निरीक्षण कर सकते हैं और विद्यालयों की तरह आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अनुशासन एवं नियमित संचालन सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री एवं सहायिका का आयुष्मान कार्ड बनवाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का प्रशिक्षण 4 जुलाई से 8 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षण की नियमित फोटो एवं प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं के समय पर टीकाकरण, राशन वितरण तथा टीएचआर के अंतर्गत आटा, मूंग की दाल, बेसन सहित सभी आवश्यक पोषाहार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने जुलाई से सितंबर 2026 तक संचालित होने वाले संभव अभियान 6.0 की तैयारियों एवं प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को चिन्हित कर उन्हें शासन की सभी पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान को पूरी गंभीरता एवं गुणवत्ता के साथ संचालित करते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, जिससे जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सके।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सीडीपीओ, मुख्य सेविकाएं सहित जिला समन्वयक, ब्लाक कोर्डिनेटर उपस्थित रहे।
कासगंज:मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित
